छातापुर/सुपौल/बिहार : प्रखंड क्षेत्र के जीवछपुर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय बेलागंज का गुरुवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) देश कुमार यादव ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति, शिक्षक उपस्थिति पंजी तथा मध्याह्न भोजन योजना सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालय में उपस्थित पाए गए, हालांकि बच्चों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम मिली। इस पर बीईओ ने चिंता व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक को अभिभावकों के साथ बैठक कर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान बीईओ देश कुमार यादव बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन में शामिल हुए और भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में और सुधार करने के निर्देश दिए। बीईओ ने कहा कि सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों के बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सभी सुविधाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के बच्चों को भी निजी विद्यालयों की तर्ज पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी चाहिए।
रिपोर्ट : रियाज खान

