उदाकिशुनगंज/मधेपुरा/बिहार : उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों को सोलर ऊर्जा अपनाने के लाभ, सरकारी सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि इस योजना के तहत घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर उपभोक्ता बिजली बिल में भारी राहत पा सकते हैं। योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट से 10 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर सरकार द्वारा सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में बताया गया कि उपभोक्ता 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ उठा सकते हैं और इसके लिए आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। शिविर में मौजूद लोगों को आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बिजली बिल और बैंक पासबुक की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर संबंधित एजेंसियों और कंसल्टेंसी द्वारा लोगों को मौके पर ही आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने शिविर में पहुंचकर योजना के प्रति रुचि दिखाई और आवेदन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को नवीकरणीय ऊर्जा से जोड़ना और बिजली खर्च में कमी लाना है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
प्रिंस कुमार मिठ्ठू की रिपोर्ट

