AICC की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में नियुक्ति की पुष्टि, कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी से तत्काल प्रभाव से सौंपी गई जिम्मेदारी
प्रेस विज्ञप्ति : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता केशर कुमार को ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत अरुणाचल प्रदेश के पांच जिलों का AICC पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। AICC महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से 16 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
आधिकारिक सूची के अनुसार, केशर कुमार को अपर सुबनसिरी, कामले, लेपा-राडा, वेस्ट सियांग और शी-योमी जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए केशर कुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी, AICC महासचिव के.सी. वेणुगोपाल तथा पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए केवल संगठनात्मक दायित्व नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से वह इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे।
केशर कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी आवाज और अधिकार का प्रतीक है। इसलिए मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

