अवैध शराब के साथ फरार आरोपित भी दबोचे गए, ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब सेवन करते मिले 9 लोग
मधेपुरा/बिहार : जिले में शराब और सूखा नशा के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सघन छापेमारी, वाहन जांच और दवा दुकानों की तलाशी ली गई। इस दौरान अवैध देशी एवं विदेशी शराब बरामद करने के साथ कुल 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के अलावा पूर्व से फरार चल रहे अभियुक्त भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने स्टेडियम के समीप, कॉलेज चौक, सदर अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बुडको मैदान, यूनिवर्सिटी चौक, सदर अस्पताल परिसर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इसके साथ ही प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई तथा दवा दुकानों में भी तलाशी अभियान चलाकर नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने की कोशिश की गई।
भेलवा, कजरा और सियोन नहर के पास से शराब बरामद
अभियान के दौरान गम्हरिया थाना क्षेत्र के भेलवा के पास छापेमारी कर करीब एक लीटर अवैध देशी चुलाई शराब बरामद की गई। इस मामले में कैलाश पासवान को गिरफ्तार किया गया। वहीं, शंकरपुर थाना क्षेत्र के कजरा वार्ड संख्या-12 में कार्रवाई करते हुए करीब 750 मिलीलीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई और शंकर कुमार को गिरफ्तार किया गया।
इसी क्रम में गम्हरिया के सियोन नहर के पास छापेमारी कर करीब 750 मिलीलीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया।
दो फरार अभियुक्त भी पुलिस की गिरफ्त में
विभागीय टीम ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए मुरलीगंज थाना क्षेत्र के कार्तिक चौक के पास से पूर्व से फरार चल रहे अभियुक्त विकास कुमार साह को गिरफ्तार किया। वहीं, सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में सिंहेश्वर मंदिर के हाथी गेट के समीप छापेमारी कर फरार अभियुक्त सोनू सिंह उर्फ विकास कुमार सिंह को भी दबोच लिया गया। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए संबंधित मामलों में अभियोग दर्ज किया गया है।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब सेवन करते मिले 9 लोग
अवैध शराब की बरामदगी और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अलावा विभाग ने सार्वजनिक स्थानों एवं प्रमुख मार्गों पर ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच अभियान भी चलाया। इस दौरान शराब सेवन की पुष्टि होने पर 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह पूरे अभियान में कुल 14 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें तथा शराब के अवैध कारोबार या नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि नशे के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

