मधेपुरा/बिहार : आगामी 19 मई को आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने पंचायत सरकार भवन भदौल बुधमा एवं पंचायत सरकार भवन सकरपुरा बैतोना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर स्थल पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के लिए बनाए जा रहे काउंटरों की तैयारियों का विस्तृत अवलोकन किया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में आने वाले आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूर्ण कर लें, ताकि शिविर का संचालन सुचारु, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से किया जा सके।
उन्होंने कहा कि “सहयोग शिविर” जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आम जनता की समस्याओं का त्वरित निष्पादन करना तथा सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। डीएम ने आमजनों से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्राप्त करें।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का गंभीरतापूर्वक निष्पादन किया जाए तथा जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को अग्रसारित किया जाए। साथ ही शिविर स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, छाया, प्रतीक्षा व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह सहयोग शिविर ग्रामीण जनता एवं प्रशासन के बीच संवाद एवं समाधान का प्रभावी माध्यम बनेगा। शिविर के माध्यम से लोगों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आमजनों को कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

