उदाकिशुनगंज/मधेपुरा/बिहार : उदाकिशुनगंज प्रखंड के नयानगर पंचायत में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य अधूरा पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मधेपुरा के जिला पंचायत राज पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में संबंधित पंचायत के मुखिया से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पंचायत राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान यह मामला उजागर हुआ। समीक्षा में पाया गया कि नयानगर पंचायत में भवन निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं किया गया है, जबकि इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए कई बार निर्देश दिए जा चुके थे। इसके बावजूद कार्य लंबित रहना प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना माना जा रहा है।
जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक कार्यों के संचालन का प्रमुख केंद्र होता है। इसके अधूरा रहने से आम लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर असुविधा बढ़ रही है।
प्रशासन ने संबंधित मुखिया से यह स्पष्ट करने को कहा है कि आखिर किन कारणों से निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर स्थानीय लोगों ने भी निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि भवन अधूरा रहने के कारण पंचायत स्तर पर कई आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि पंचायत सरकार भवन का संचालन शुरू हो सके और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
प्रिंस कुमार मिठ्ठू की रिपोर्ट

