मधेपुरा/बिहार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने इसे देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया है। भाजपा युवा मोर्चा बिहार के प्रदेश क्षेत्रीय प्रभारी सह अधिवक्ता राहुल यादव ने कहा कि मोदी सरकार ने बीते 12 वर्षों में देश को नई दिशा, नई गति और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का कार्य किया है।
सोमवार को जारी अपने बयान में राहुल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों के समग्र विकास को केंद्र में रखकर “विकसित भारत” के संकल्प को नई दिशा दी है। आज भारत विश्व मंच पर आत्मविश्वास, विकास और नेतृत्व की नई पहचान बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह गर्व का विषय है कि बिना किसी बड़े भ्रष्टाचार या घोटाले के लाखों करोड़ रुपये की जनकल्याणकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया गया है। सरकार ने युवा, महिला, किसान और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
राहुल यादव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के हजारों गांवों तक बिजली पहुंचाई गई, स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए बैंक ऋण की प्रक्रिया सरल बनाई गई तथा करोड़ों लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के जरिए सहायता राशि भेजी गई है।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 11 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल-जल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। वहीं 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण, 10 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन तथा जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दरों पर दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। भाजपा नेता ने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण, नए राष्ट्रीय राजमार्गों, 75 नए हवाई अड्डों, 11 नए जलमार्गों तथा 15 शहरों में मेट्रो सेवाओं के विस्तार से देश के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिली है। “मेक इन इंडिया” और “डिजिटल इंडिया” जैसी योजनाओं ने भारत को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया है।राहुल यादव ने दावा किया कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव से 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं तथा हर वर्ष नए आईआईटी, आईआईएम, विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने, तीन तलाक की प्रथा समाप्त करने, महिला आरक्षण विधेयक पारित कराने तथा राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
राहुल यादव ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने की योजना सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का सर्वाधिक सक्रिय और जनहितकारी प्रधानमंत्री बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

