बुनियाद संजीवनी सेवा के तहत फिजियोथेरेपी, श्रवण जांच, आंखों की जांच व परामर्श की मिलेगी सुविधा; वृद्ध, दिव्यांग एवं जरूरतमंदों को मिलेगा लाभ
मधेपुरा/बिहार : समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत संचालित स्टेट सोसाइटी फॉर अल्ट्रा पूअर एंड सोशल वेलफेयर (सक्षम), पटना द्वारा संचालित बुनियाद केंद्र, मधेपुरा के माध्यम से जुलाई माह के प्रथम एवं द्वितीय सप्ताह में ‘बुनियाद संजीवनी सेवा’ (मोबाइल थेरेपी वैन) के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य एवं परामर्श शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सिंहेश्वर प्रखंड के सात पंचायतों में लगाए जाएंगे।
इस योजना के तहत सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांगजनों को फिजियोथेरेपी, वाक् एवं श्रवण जांच, आंखों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा अन्य आवश्यक सेवाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा यूडीआईडी (दिव्यांगता प्रमाण पत्र) कार्ड से संबंधित आवश्यक सहायता भी प्रदान की जाएगी।
जिला प्रबंधक, डीपीएमयू, एसएसयूपीएसडब्ल्यू, मधेपुरा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जनजागरूकता बढ़ाने एवं अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इन पंचायतों में लगेगा शिविर :-
02 जुलाई 2026 – बैहरी पंचायत
03 जुलाई 2026 – निजड़ा पंचायत
06 जुलाई 2026 – मोरवाराही पंचायत
07 जुलाई 2026 – रायभीर पंचायत
08 जुलाई 2026 – दुलार पिपराही पंचायत
09 जुलाई 2026 – जरलाही मल्हन पंचायत
10 जुलाई 2026 – कमरगामा पंचायत
प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचकर उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

