चौसा पुलिस की कार्रवाई : भागलपुर, कटिहार व मधेपुरा के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी, कार व 14 हजार रुपये समेत छह मोबाइल जब्त
मधेपुरा/बिहार : जिला केउदाकिशुनगंज अनुमंडल के चौसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की कथित योजना को विफल करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से दो देशी कट्टा, 25 जिंदा कारतूस, 14 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन और एक उजले रंग की कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों में भागलपुर, कटिहार और मधेपुरा जिले के रहने वाले लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, रविवार को चलाए जा रहे समकालीन अभियान के दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नौगछिया की ओर से एक उजले रंग की कार में सवार पांच अपराधी चौसा की ओर आ रहे हैं। सूचना थी कि भटगामा पहुंचने के बाद वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना से वरीय पदाधिकारी को अवगत कराने के बाद थानाध्यक्ष चौसा के नेतृत्व में एसटीएफ टीम, चौसा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल ने बाबा विशु कॉलेज के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान भटगामा की ओर से तेज गति से आ रही उजले रंग की कार को पुलिस बल की मदद से रोककर जांच की गई। कार में पांच लोग सवार थे। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान रवि सिंह, सन्नी कुमार उर्फ सन्नी सिंह, मनीष कुमार, कुमार मनीष और पंकज मुनि के रूप में हुई।
तलाशी में नकदी व मोबाइल बरामद
पुलिस ने सभी आरोपितों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पंकज मुनि के पास से 14 हजार रुपये नकद एवं दो मोबाइल फोन, रवि सिंह के पास से एक पुराना मोबाइल फोन तथा सन्नी कुमार के पास से ओपो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया।
इसके बाद पुलिस ने कार की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के स्टेयरिंग के बाईं ओर डैशबोर्ड में लगे एलईडी को हटाकर जांच की गई। पुलिस के अनुसार, एलईडी के अंदर कपड़े में लपेटकर छिपाकर रखे गए दो देशी कट्टा और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हथियार, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन एवं कार को जब्त करते हुए पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इन आरोपितों की हुई गिरफ्तारी
रवि सिंह, पिता शिव सिंह, निवासी हरनाथ चक, वार्ड संख्या 28, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर, सन्नी कुमार उर्फ सन्नी सिंह, पिता शिव सिंह, निवासी हरनाथ चक, वार्ड संख्या 28, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर, मनीष कुमार, पिता विनोद कुमार गुप्ता, निवासी हरिओ, थाना बिहपुर, जिला भागलपुर, कुमार मनीष, पिता विनय कुमार, निवासी इंदिरा, थाना कुर्सेला, जिला कटिहार, पंकज मुनि, पिता स्व. वकील मुनि, निवासी चिरौरी, थाना चौसा, जिला मधेपुरा।
बरामद सामान
दो देशी कट्टा
25 जिंदा कारतूस
14 हजार रुपये नकद
एक उजले रंग की कार
छह मोबाइल फोन
पंकज मुनि का आपराधिक इतिहास, अन्य की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित पंकज मुनि का पूर्व से कई आपराधिक मामलों में नाम दर्ज है। वहीं, अन्य गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट :- कौनेन बशीर

