मुरलीगंज/मधेपुरा/बिहार : मुरलीगंज-जानकीनगर के बीच चेनपुरा के पास मंगलवार की रात करीब 12 बजे एक हाईवा की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवक की मौके पर मौत हो गई। दोनों युवक बारात का स्वागत कर शादी स्थल पर लाने के लिए जा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर हाइवा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जब तक लोग घायलों को अस्पताल लेकर जाते तबतक दोनों दम तोर चुके थे। इस घटना से दो परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक नगर पंचायत वार्ड दस माल गोदाम रोड निवासी मनोज राम के 27 वर्षीय पुत्र सुधीर कुमार, वहीं दूसरा युवक सदर प्रखंड के भर्राही थाना क्षेत्र के नारायण पट्टी निवासी सचेन्द्र राम के 20 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार था।
बताया जता है कि सुधीर की बहन की शादी थी, सुधीर अपने बहनोई के भाई विक्की को साथ लेकर बाइक से आने वाली बारात का रास्ते में स्वागत कर शादी समारोह वाले स्थल पर लाने के लिए जा रहा था। इसी बीच भीषण सड़क दुर्घटना में दोनो युवक की मौत हो गई। सुधीर का शव पोस्टमार्टम से आते ही घर और ससुराल में कोहराम मच गया है। मृतक सुधीर कुमार की शादी पांच साल पहले हुई थी । मृतक को पांच वर्षीय पुत्र बाबुल कुमार रोते -रोते अपने पिता को खोज रहा है और 21दिन की पुत्री रागनी को यह भी पता नहीं है कि उसके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। पत्नी मीना देवी सहित परिजन का रो-रोकर कर बुरा हाल है। क्षणभर में खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया।
मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट

