कार्यक्रम स्थगित करने की मांग को लेकर पहले ही कुलपति को सौंपा गया था ज्ञापन, विरोध प्रदर्शन के दौरान कई छात्र नेता सिंहेश्वर थाना भेजे गए
मधेपुरा/बिहार : भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (BNMU) के नॉर्थ कैंपस में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एक कार्यक्रम का विरोध करने पहुंचे NSUI और AISA के छात्र नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर सिंहेश्वर थाना भेज दिया। कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही।
जानकारी के अनुसार, BNMU के नॉर्थ कैंपस में RSS के सर सहकार्यवाह रामदत्त चक्रधर के शामिल होने वाला एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की घोषणा के बाद ही NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष आपत्ति दर्ज कराते हुए कुलपति को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में विश्वविद्यालय परिसर में इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन पर सवाल उठाते हुए इसे स्थगित करने की मांग की गई थी।
बताया जाता है कि जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ, बड़ी संख्या में NSUI और AISA के कार्यकर्ता नॉर्थ कैंपस पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत यादव, AISA के जिला सचिव पॉवेल कुमार, जिला महासचिव नवीन कुमार, जिला सचिव सुदर्शन कुमार, विश्वविद्यालय सचिव साजन कुमार तथा प्रखंड संयोजक आशीष कुमार को हिरासत में लेकर सिंहेश्वर थाना भेज दिया।
हिरासत में लिए जाने के बाद NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय स्वतंत्र विचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तार्किक सोच का केंद्र होता है। उनके अनुसार, ऐसे शैक्षणिक वातावरण में RSS जैसे संगठनों के कार्यक्रम से परिसर का माहौल प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनका संगठन विरोध जारी रखेगा तथा पुलिस कार्रवाई और सरकारी दमन से उनकी आवाज नहीं दबाई जा सकती।
वहीं AISA के जिला सचिव पॉवेल कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय ज्ञान और विज्ञान का केंद्र है तथा यहां संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप वातावरण बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उनका संगठन भारतीय संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और विश्वविद्यालय परिसर में ऐसे कार्यक्रमों का विरोध करता रहेगा।
विरोध प्रदर्शन में NSUI के लालबहादुर कुमार, अमर कुमार, सौरभ कुमार, जिला सचिव सोनू कुमार तथा AISA के सुपौल जिला सचिव संतोष कुमार सियोटा, जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर राज, कृष्ण कुमार, अंकु कुमार, सोनू कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता मौजूद थे।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।

