भव्य नगर भ्रमण में शामिल हुईं देवी-देवताओं की प्रतिमाएं; डेढ़ दर्जन विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान, महाप्रसाद के बाद श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
छातापुर/सुपौल/बिहार।प्रखंड मुख्यालय बाजार स्थित होटल बंधन परिसर में नवनिर्मित अर्धनारीश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान अर्धनारीश्वर महादेव की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई।
धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। देर शाम तक चले कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा। प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर अर्धनारीश्वर महादेव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का भव्य नगर भ्रमण कराया गया। मंदिर परिसर से निकली शोभायात्रा मुख्य बाजार से होते हुए डहरिया पेट्रोल पंप तक पहुंची और वहां से वापस मंदिर परिसर लौटकर संपन्न हुई। नगर भ्रमण में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा पूरा बाजार
नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा। भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों की मनोहारी झांकियां शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रहीं। श्रद्धालुओं में भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
डेढ़ दर्जन पंडितों ने वैदिक विधि से कराया अनुष्ठान
अर्धनारीश्वर महादेव की प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान बनारस, भागलपुर एवं स्थानीय करीब डेढ़ दर्जन विद्वान पंडितों के सानिध्य में संपन्न कराया गया। विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ मंदिर में अर्धनारीश्वर महादेव की स्थापना कर प्राण-प्रतिष्ठा की प्रक्रिया पूरी कराई। अनुष्ठान संपन्न होने के बाद देर शाम श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। इसके पश्चात मंदिर का पट खोले जाने पर श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए और अर्धनारीश्वर महादेव को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
धार्मिक आयोजन में गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
आयोजन में पैनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा, कविता मिश्रा, शालिग्राम पांडेय, प्रमोदचंद बोथरा, गौरीशंकर भगत, रामटहल भगत, अशोक भगत, उपेंद्र भगत, सूरज चंद्र प्रकाश, पंकज भगत, विकास कुमार, गुंजन भगत एवं प्रदीप भगत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के कारण छातापुर बाजार में पूरे दिन धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
रिपोर्ट : रियाज खान

