टी.पी. कॉलेज से कर्पूरी चौक तक छात्रों-युवाओं का शांतिपूर्ण मार्च, विवाद को जातीय रंग न देने की अपील
मधेपुरा/मधेपुरा/बिहार : ज्ञान बिंदु कोचिंग, पटना के संचालक रौशन आनंद सर की रिहाई की मांग को लेकर मंगलवार को मधेपुरा में एक विशाल एवं शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। टी.पी. कॉलेज परिसर से शुरू हुआ यह मार्च सुभाष चौक होते हुए कर्पूरी चौक तक पहुंचा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम नागरिकों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया।
कैंडल मार्च का नेतृत्व युवा नेता रितु रंजन एवं निरंजन यादव ने किया। मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने रौशन आनंद सर की शीघ्र रिहाई की मांग करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। उपस्थित लोगों का कहना था कि किसी भी मामले में सत्य सामने आने तक किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए तथा कानून सम्मत एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इस अवसर पर युवा नेता रितु रंजन ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में न्याय के पक्ष में शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से यह कैंडल मार्च आयोजित किया गया है। साथ ही उन्होंने प्रदेश भर के छात्रों और युवाओं से अपील की कि खान सर और रौशन आनंद सर से जुड़े विवाद को किसी भी प्रकार का जातीय रंग न दें तथा सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखें।
वहीं युवा नेता निरंजन यादव ने कहा कि रौशन आनंद सर की छात्रों और युवाओं के बीच एक अलग पहचान है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।ब्रदर फिटनेस क्लब के संचालक अमित यादव ने कहा कि रौशन आनंद सर को एक गहरी साजिश के तहत जेल भेजा गया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं मयंक कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि रौशन आनंद सर की जल्द रिहाई नहीं हुई तो छात्र और युवा आगे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
कैंडल मार्च के दौरान सभी प्रतिभागियों ने शांति, न्याय और सत्य की जीत की कामना करते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
मौके पर छात्र सोनू निगम, अंकेश कुमार, मो. मंसूर, कविता कुमारी, प्रेमलता कुमारी, मो. जावेद अख्तर, परवेज आलम, छोटू कुमार, आशुतोष कुमार, ललित यादव, मिठु, गौरव, सौरव, पार्थ, अंकित, राजा रॉय, अमर, विवेक, ललटू, रोहित, सुमित, मंजेश सहित सैकड़ों छात्र-युवा मौजूद थे।

