उदाकिशुनगंज/मधेपुरा/बिहार : ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र से भगाई गई एक किशोरी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मधेपुरा से बरामद कर लिया है। इस संबंध में ग्वालपाड़ा वार्ड संख्या 7 निवासी बबलू कुमार ने थाना में आवेदन देकर गांव के ही आशीष कुमार सहित चार लोगों पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया था। आवेदन में बताया गया था कि 2 अप्रैल की शाम वार्ड संख्या 5 निवासी आशीष कुमार उनकी बेटी को लेकर फरार हो गया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।
इसी क्रम में सोमवार को अनुसंधानकर्ता को गुप्त सूचना मिली कि उक्त किशोरी मधेपुरा बस स्टैंड और कॉलेज चौक के बीच देखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 10 से 11 बजे के बीच मधेपुरा से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया और थाना लाया।
इस संबंध में एसआई किशोरी प्रसाद ने बताया कि बरामदगी के बाद आवश्यक पूछताछ एवं कागजी प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि किशोरी को बयान दर्ज कराने के लिए उदाकिशुनगंज न्यायालय भेजा जाएगा।
पुलिस के समक्ष किशोरी ने बताया कि उसका आशीष कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह 2 अप्रैल को अपनी मर्जी से उसके साथ गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
प्रिंस कुमार मिठ्ठू की रिपोर्ट

