मधेपुरा/बिहार : ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) एवं ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (एआईवाईएफ) के राज्यव्यापी आह्वान पर सोमवार को मधेपुरा जिले के बुधमा चौक (एनएच-107) पर दिल्ली और पटना में छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई, लाठीचार्ज तथा लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में छात्र-युवाओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व एआईएसएफ के जिला अध्यक्ष वसीमउद्दीन उर्फ नन्हें, जिला सचिव शुभम स्टालिन तथा एआईवाईएफ के पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष शंभू क्रांति ने किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, आंदोलन जारी रहेगा।
सभा को संबोधित करते हुए एआईएसएफ के पूर्व राज्य सचिव प्रमोद प्रभाकर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है। उन्होंने कहा कि न्याय की मांग कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इसे दबाने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एवं गृह मंत्री अमित शाह से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
एआईएसएफ के पूर्व जिला सचिव शैलेंद्र कुमार ने छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने, शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने तथा छात्रों-युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। पूर्व छात्र नेता रमेश कुमार शर्मा ने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाना लोकतंत्र और संविधान की भावना के विरुद्ध है। युवा नेता मोहम्मद जहांगीर एवं अधिवक्ता केशव श्री हरि ने कहा कि आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाली छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन में छात्र-युवा नेता माधो राम, लालू यादव, आर्यन आनंद, बाबुल यादव, अमीश यादव, मोहम्मद तबरेज, बौकू सदा, कैला, सुभान, शमशाद, उस्मान, हलीम, नीतीश कुमार, प्रलेश कुमार, जफो पासवान, अरविंद सदा, अब्दुल रजाक, पप्पू कुमार, विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए।

