मुरलीगंज/मधेपुरा/बिहार : शहर के सार्वजनिक दुर्गा स्थान मंदिर में सोमवार से 48 घंटे का अष्टयाम का आयोजन शुरू हो गया है, जिसका समापन बुधवार को किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना में शामिल हो रहे हैं।
अष्टयाम प्रारंभ होने से पूर्व सोमवार को 151 कन्याओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा सार्वजनिक दुर्गा स्थान मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर सिनेमा हॉल चौक, हरिद्वार चौक, गोल बाजार, शांतिनगर, हाट बाजार और मिडिल चौक होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में लगातार पूजा-पाठ, कीर्तन और रामधुनी का कार्यक्रम चल रहा है।
आयोजकों ने बताया कि अष्टयाम के माध्यम से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जा रही है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।अष्टयाम को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें भाग ले रहे हैं। आयोजन के समापन पर प्रसाद वितरण एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट

