मधेपुरा/बिहार : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सह राज्यसभा नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के विरुद्ध की गई अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय के पंचमुखी चौक पर आयोजित किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर इस बयान की कड़ी निंदा की।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष चौधरी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे जैसे वरिष्ठ एवं सम्मानित दलित नेता के खिलाफ अभद्र भाषा न केवल निंदनीय है, बल्कि यह देश के करोड़ों दलित, पिछड़े एवं वंचित समाज के सम्मान पर सीधा आघात है। कांग्रेस पार्टी ऐसे अपमानजनक बयानों को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
युवा कांग्रेस नेता सौरभ यादव एम किसान नेता संदीप यादव ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की टिप्पणी उनकी संकीर्ण एवं दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। युवा कांग्रेस इस मुद्दे पर पूरी मजबूती के साथ खड़ी है और आने वाले समय में भी ऐसे हर अपमानजनक कृत्य के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी। मौके पर मौजूद अन्य नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समाज के हर वर्ग के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और आगे भी मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव सचिव भूषणमंडल, कार्यालय सचिव शत्रुघन भक्त, किसान नेता संदीप यादव, छात्र नेता निरंजन यादव, नवनीत यादव, नीतीश कुमार, अंकुश कुमार, प्रगति भट्ट समेत अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

