मधेपुरा/उदाकिशुनगंज/बिहार : उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक आंगनबाड़ी केंद्र पर घुसकर सेविका और सहायिका के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. इस संबंध में सेविका कुमारी प्रमिला और सहायिका पूनम देवी ने थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के बराही आनंदपुरा पंचायत के आनंदपुरा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 9 में कार्यरत सेविका कुमारी प्रमिला ने बताया कि शनिवार को दोपहर करीब 1 बजे वह केंद्र पर बच्चों को पढ़ा रही थीं. इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग जबरन केंद्र में घुस आए और मोबाइल छीनते हुए गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर सेविका और सहायिका के साथ मारपीट की गई तथा साड़ी खींचकर बेइज्जत करने का प्रयास किया गया।
पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी. शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तब जाकर मामला शांत हुआ. वही घटना के दौरान केंद्र में मौजूद बच्चों में अफरा-तफरी मच गई. बताया गया है कि घटना के संबंध में पूर्व में भी स्थानीय स्तर पर विवाद की स्थिति बनी थी. आवेदन में आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है. थाना अध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत मिली है, जांचोपरांत दोषियों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

