मक्का लदा ट्रैक्टर छीनकर बदमाश फरार, सिर और पीठ में गोली मारकर की गई हत्या; पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
बिहारीगंज/मधेपुरा/बिहारीगंज : जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलसिया पंचायत स्थित मुरलीगंज-बिहारीगंज एसएच-91 मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने पहले मक्का लदे ट्रैक्टर को लूटा और फिर चालक की सिर एवं पीठ में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।
घटना बाढ़ आश्रय स्थल के सामने मुख्य मार्ग पर हुई। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे युवक का शव देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अविनाश कुमार एवं बिहारीगंज थानाध्यक्ष लवकुश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान शिवनारायण शर्मा (30 वर्ष) के रूप में हुई, जो पूर्णिया जिले के भावानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सीखरिया पीठ गांव निवासी सुरेश शर्मा के पुत्र थे। बताया जाता है कि शिवनारायण शर्मा उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के आनंदपुर गांव स्थित अपने बहनोई के यहां रहकर ट्रैक्टर चलाने का कार्य करते थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात शिवनारायण शर्मा उदाकिशुनगंज से मक्का लादकर ट्रैक्टर के माध्यम से बिहारीगंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान मुरलीगंज-बिहारीगंज एसएच-91 मार्ग पर बाढ़ आश्रय स्थल के समीप अज्ञात बदमाशों ने ट्रैक्टर को रोक लिया। अपराधियों ने मक्का लदे ट्रैक्टर को छीन लिया और चालक शिवनारायण शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या और ट्रैक्टर लूट की इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।बिहारीगंज थानाध्यक्ष लवकुश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मृतक के परिजनों द्वारा लिखित आवेदन नहीं दिया गया है, लेकिन पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर मामले की जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा जल्द ही अपराधियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
वहीं एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला ट्रैक्टर लूट और हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
गुलजार आलम की रिपोर्ट

