मधेपुरा/बिहार (प्रेस विज्ञप्ति) अपराध नियंत्रण एवं सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मधेपुरा पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लोडेड पिस्टल, एक जिंदा गोली और पल्सर-220 मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को गश्ती के दौरान सदर थाना क्षेत्र के सहरगढ़ की ओर जाने वाली सड़क पर पुलिस को सूचना मिली कि पल्सर-220 पर सवार दो संदिग्ध अपराधी सहरगढ़ की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बाइक सवार भागने लगे। पीछा करने पर एक युवक को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार युवक की पहचान ब्रजेश कुमार (करीब 20 वर्ष), पिता श्याम सुंदर यादव, निवासी रौता बंशी वार्ड नंबर-07, थाना सौरबाजार, जिला सहरसा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल को अनलोड करने पर उसमें से एक जिंदा गोली भी मिली।
पुलिस ने इस मामले में मधेपुरा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
बरामद सामान: लोडेड पिस्टल – 01 जिंदा कारतूस – 01 पल्सर-220 मोटरसाइकिल – 01 (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-19AA-8320)

