मृतक की पहचान साहूगढ़ के मोरकाही टोला निवासी राजकुमार के रूप में हुई है
मुरलीगंज/मधेपुरा/बिहार : थाना क्षेत्र के बलुआहा रेलवे पुल के समीप शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह जब स्थानीय लोग इधर से गुजर रहे थे, तभी रेलवे पुल के पास झाड़ियों के किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना मुरलीगंज थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुरलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और बाद में पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। हालांकि बाद में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से शव की पहचान साहूगढ़ वार्ड संख्या 05 मोरकाही टोला निवासी राजकुमार के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास थी। पुलिस को मृतक के पास से एक ट्रेन टिकट भी मिला है, जिस पर अंबाला कैंट जंक्शन से सहरसा जंक्शन तक का उल्लेख है। यह टिकट 2 अप्रैल का बताया जा रहा है। इस टिकट के आधार पर पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
इधर, घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया हो सकता है। लोगों का कहना है कि शव की स्थिति देखकर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान साहूगढ़ वार्ड पांच मोरकाही टोला निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट

