मधेपुरा/बिहार : सदर थाना के मठाही ओपी पुलिस ने शनिवार की देर रात पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर मठाही ओपी क्षेत्र के चकला चौक के पास छापेमारी कर दो नौजवानों को 10 जिंदा कारतूस और एक पल्सर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस गिरफ्त अन्ये नौजवानों की पहचान सहरसा जिला के सौर बाजार थाना क्षेत्र के विनय कुमार और सदर थाना क्षेत्र के पिठाही के मुकेश कुमार के रूप में हुई है।
मामले के संबंध में मठाही ओपी प्रभारी शिवानी कुमारी ने बताया कि रात्री गश्ती के दौरान देर रात पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि चकला चौक के पास नहर के पास दो संदिग्ध युवक असल्हा के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और दोनों नौजवान को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से पिस्टल के 10 पीस जिंदा कारतूस बरामद हुई पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है।
ओपी इंचार्ज के अनुसार पूछताछ में यह बात सामने आई कि गिरफ्तार युवक पहले भी आर्म्स एक्ट, छिनतई सहित कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं और कई बार जेल भी जा चुके हैं। इस खुलासे के बाद पुलिस इनके आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुट गई है और साथ ही यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद कारतूस का इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था।
इस कारवाई में पुलिस पदाधिकारी अशोक तिवारी, सिपाही संदीप कुमार, बालकिशोर कुमार, विजय कुमार और अजय कुमार ओझा सहित अन्य पुलिस के जवान शामिल थे।

