पांच माह तक चले संगठनात्मक चुनाव में मनीष कुमार को मिले 3,422 वोट, नीरज निराला ने महज 16 मतों से दर्ज की जीत
राजेंद्र मिश्र कांग्रेस कार्यालय में विजयी प्रत्याशियों का भव्य स्वागत, नेताओं ने कहा—युवा नेतृत्व से संगठन को मिलेगी नई मजबूती
सहरसा/बिहार। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के पांच माह तक चले आंतरिक संगठनात्मक चुनाव के परिणाम घोषित होते ही सहरसा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। चुनाव में मनीष कुमार ने 3,422 मत प्राप्त कर डेलीगेट फॉर स्टेट प्रेसिडेंट पद पर जीत हासिल की। वहीं, निवर्तमान जिलाध्यक्ष नीरज कुमार निराला ने 2,871 मत प्राप्त कर लगातार दूसरी बार सहरसा जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा बरकरार रखा। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनुप कुमार उर्फ मृणाल कामेश को महज 16 मतों के अंतर से पराजित किया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राजेंद्र मिश्र कांग्रेस कार्यालय, सहरसा में विजयी प्रत्याशियों के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने दोनों निर्वाचित नेताओं को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। कार्यालय में उत्साह और जश्न का माहौल रहा।
प्रदेश स्तर पर मनीष कुमार की जीत को बताया बड़ी उपलब्धि
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रंजन यादव ने मनीष कुमार को बधाई देते हुए कहा कि सहरसा जैसे जिले से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मजबूती से चुनाव लड़ना और 3,422 मत प्राप्त कर डेलीगेट फॉर स्टेट प्रेसिडेंट निर्वाचित होना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मनीष कुमार के राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ प्रदेश स्तर पर युवा कांग्रेस को मिलेगा तथा संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
नीरज निराला पर कार्यकर्ताओं ने दूसरी बार जताया भरोसा
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मजनू हैदर कैश ने नीरज कुमार निराला को लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत उनके पिछले कार्यकाल में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर सक्रिय रहने और युवाओं को संगठन से जोड़ने के प्रयासों का परिणाम है। बेहद कम अंतर से मिली जीत यह भी दर्शाती है कि चुनाव कितना प्रतिस्पर्धात्मक रहा।
युवा नेतृत्व से संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा
सहरसा जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत यादव ने कहा कि छात्र राजनीति से अपनी पहचान बनाने वाले दोनों युवा नेताओं के नेतृत्व में बिहार और जिला स्तर पर युवा कांग्रेस को नई मजबूती मिलेगी। वहीं, सौर बाजार युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामशरण यादव ने कहा कि यह जीत सहरसा के संघर्षशील युवाओं और मजबूत संगठनात्मक एकजुटता की जीत है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा कांग्रेस आने वाले दिनों में युवाओं, बेरोजगारी, शिक्षा और अन्य जनहित के मुद्दों को और मुखरता से उठाएगी।
मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पांच माह तक चले इस संगठनात्मक चुनाव में जीत-हार से आगे बढ़कर संगठन के प्रत्येक साथी को अपनी क्षमता दिखाने और जिम्मेदारी हासिल करने का अवसर मिला है। अब सभी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए।
नेताओं ने कहा कि संगठनात्मक चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसकी वास्तविक सफलता तभी होगी, जब चुनाव के बाद सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाएं।
इस अवसर पर रविकांत राजा, अभय यादव, बंटी झा, डेविड यादव, राजन शेरा, अभिष यादव, बसंत राज, आयुष अमन, प्रशांत यादव, सनोज कुमार, आदर्श यादव, रौशन यादव सहित युवा कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

