मधेपुरा/बिहार : मुजफ्फरपुर के नेहरू स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित तीसरी राज्यस्तरीय हैंड टू हैंड फाइटिंग स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में मधेपुरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम किया। प्रतियोगिता में मधेपुरा हैंड टू हैंड स्पोर्ट्स एवं विवेक इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एकेडमी के कुल 20 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 18 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक और 2 खिलाड़ियों ने रजत पदक हासिल किया।
हैंड टू हैंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन मधेपुरा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता राहुल यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि गत 30 अगस्त 2026 को मुजफ्फरपुर स्थित नेहरू स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तीसरी राज्यस्तरीय हैंड टू हैंड फाइटिंग स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन बिहार राज्य हैंड टू हैंड फाइटिंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया था।
इस अवसर पर संघ के सचिव सह विवेक इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एकेडमी के निदेशक विवेक कुमार ने कहा कि बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण देकर खेल के प्रति प्रेरित किया जाता है। उन्होंने बताया कि मधेपुरा के खिलाड़ी इससे पूर्व भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता में बिहार राज्य के सचिव अमन झा के महत्वपूर्ण योगदान की भी सराहना की।
प्रतियोगिता में सुभाष, नरेश, स्वाति, ब्यूटी, छोटी, जागृति, अमन, मानस, अंकुश, मिथुन, सिद्धार्थ, आदर्श, विभाष, हर्ष कृष्ण, अभिनव और मयंक सहित अन्य खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं रिशु राज एवं विवेक ने रजत पदक हासिल कर मधेपुरा को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद आज विवेक इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एकेडमी में खिलाड़ियों को संघ की ओर से सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर रंजीत राज, मो. शकील, ललन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

