पूर्व विधायक प्रत्याशी नवीन कुमार निषाद ने सौंपा आवेदन, खेत बचाने और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की अपील
मधेपुरा/बिहार : आलमनगर विधानसभा क्षेत्र के आलमनगर प्रखंड अंतर्गत गंगापुर पंचायत के हरखोजा घाट, लुटना तथा लुटना टोला में कोसी नदी के कटाव और जलजमाव की समस्या को लेकर पूर्व राजद एवं वीआईपी के पूर्व विधायक प्रत्याशी नवीन कुमार निषाद ने जिला पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
अपने आवेदन में नवीन कुमार निषाद ने कहा है कि कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण नदी का बहाव गांव की ओर मुड़ गया है। इससे हरखोजा घाट, मड़रडीहा बासा और लुटना गांव के समीप लगभग 500 मीटर तक उपजाऊ कृषि भूमि नदी में समा चुकी है। उनका दावा है कि करीब 500 एकड़ खेती योग्य भूमि कटाव की चपेट में है और यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में गांव के घरों तक भी कटाव पहुंच सकता है।
आवेदन में प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि आपदा प्रबंधन अथवा संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक कटावरोधी कार्य कराकर किसानों की जमीन और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही लुटना टोला में जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए लुटना टोला से मड़रडीहा धार स्थित पुल तक पक्की नाला निर्माण कराने अथवा पंचायत स्तर पर अन्य वैकल्पिक जलनिकासी व्यवस्था उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
नवीन कुमार निषाद ने कहा कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से किसानों की उपजाऊ भूमि को बचाया जा सकता है और जलजमाव की समस्या का भी स्थायी समाधान संभव है।
फिलहाल, इस आवेदन पर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

