प्रशिक्षु डीएसपी नूरुल हक सहित कई गणमान्य लोगों ने किया उद्घाटन, रक्तदान को बताया मानवता की सबसे बड़ी सेवा
मुरलीगंज/मधेपुरा/बिहार : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को मुरलीगंज इकाई द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं परिषद के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरुल हक, समाजसेवी दिनेश मिश्रा, अभाविप नगर अध्यक्ष मिथिलेश कुमार तथा मधेपुरा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुज कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों की जान बचाने में सहायक होता है। युवाओं को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की कमी से किसी की जान न जाए।
अभाविप कार्यकर्ता प्रकाश भगत ने कहा कि परिषद प्रत्येक वर्ष अपने स्थापना दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन करती है। संगठन शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा को भी अपनी प्राथमिकता मानता है और भविष्य में भी इसी तरह के जनहित एवं सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यकर्ता राजा चौधरी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। वहीं सूरज कुमार ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का संकल्प भी है।
कार्यक्रम का संचालन राजू सनातन ने किया। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में परिषद के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर प्रकाश भगत, राजा चौधरी, सूरज कुमार, रवि आनंद, राजू, कुंदन, आशीष, नवीन, प्रिंस, रुद्राक्ष, आदित्य राज, विकास भार्गव, आर्यन, समर प्रेम सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता, रक्तदाता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : मिथिलेश कुमार

