दाल में छिपकली मिलने का छात्राओं का आरोप, प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य
मुरलीगंज/मधेपुरा/बिहार : मुरलीगंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में मंगलवार की रात भोजन करने के बाद करीब 30 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार होने से विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में सभी छात्राओं को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरलीगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे छात्राओं ने विद्यालय में भोजन किया था। भोजन के कुछ ही देर बाद कई छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी, घबराहट और बेचैनी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार छात्राओं की संख्या बढ़ने लगी, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी और सभी छात्राओं को अस्पताल भेजा गया।
बीमार छात्राओं का आरोप है कि रात के भोजन में परोसी गई दाल में छिपकली गिर गई थी। छात्रा मीनाक्षी कुमारी ने बताया कि दाल खाने के बाद कई छात्राओं की तबीयत अचानक खराब हो गई। कुछ छात्राओं की हालत अधिक बिगड़ने पर उन्हें सलाइन भी चढ़ाई गई।
सीएचसी मुरलीगंज में देर रात तक उपचार जारी रहा। अस्पताल में रात करीब एक बजे तक चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी छात्राओं के इलाज में जुटे रहे। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निशिकांत ने बताया कि सभी छात्राओं का प्राथमिक उपचार कर आवश्यक दवाएं दी गईं। कुछ छात्राओं को निगरानी में रखते हुए सलाइन चढ़ाई गई। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य है तथा किसी की हालत चिंताजनक नहीं है।
उपचार कराने वाली छात्राओं में पिंकी कुमारी, अमृता कुमारी, रानी कुमारी, सोनिका सोनम, शिवानी कुमारी, पायल कुमारी, विजेता कुमारी, शबनम कुमारी, नेहा कुमारी, मधु कुमारी, सोनाक्षी कुमारी, सोनम कुमारी, काजल कुमारी, सरस्वती कुमारी, चंदा कुमारी, नैना कुमारी, नीलू कुमारी, आरती कुमारी, राधा कुमारी, सोनी कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, मोनाली कुमारी, अनुपम कुमारी, आकृति कुमारी, ब्यूटी कुमारी, नयंसी प्रिया सहित अन्य छात्राएं शामिल हैं।
प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बबीता कुमारी ने बताया कि मंगलवार रात बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही सभी छात्राओं का तत्काल इलाज कराया गया। वर्तमान में सभी की स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में भोजन की व्यवस्था जीविका के माध्यम से संचालित की जाती है। फूड पॉइजनिंग की आशंका को देखते हुए पूरे मामले की जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, जीविका के बीपीएम रिशु अर्नेस्ट मशी ने बताया कि भोजन के बाद कुछ छात्राओं के बीमार होने की सूचना मिलते ही वे विद्यालय पहुंचे। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने फिलहाल छात्राओं की स्थिति सामान्य होने की पुष्टि की है। वहीं, भोजन की गुणवत्ता और कथित लापरवाही की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।
रिपोर्ट : मिथिलेश कुमार

