डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर/उत्तर प्रदेश : ज्येष्ठ माह के अंतिम मंगलवार के पावन अवसर पर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आईजेए) सिद्धार्थनगर इकाई के तत्वावधान में डुमरियागंज स्थित तहसील कार्यालय परिसर के सामने विशाल भंडारे एवं हनुमान जी की आरती का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नरेंद्र मणि त्रिपाठी द्वारा भगवान बजरंगबली के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके उपरांत सामूहिक रूप से हनुमान जी की आरती की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम एवं बजरंगबली के जयकारों के साथ आरती में सहभागिता निभाई।भंडारे में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर शीतल पेयजल, प्रसाद वितरण एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। आयोजन समिति के सदस्यों ने पूरे अनुशासन एवं सेवा भाव के साथ व्यवस्थाओं का संचालन किया।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष (पूर्वांचल) हाशिम रिजवी ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज में प्रेम, भाईचारा और सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते हैं। प्रदेश सचिव विजय यादव ने कहा कि पत्रकार समाज केवल समाचारों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं धार्मिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। जिला अध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ‘बब्बू’ ने कहा कि इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन निरंतर समाजहित के कार्यों में सक्रिय है और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। वहीं तहसील अध्यक्ष राजेश यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष हाशिम रिजवी, प्रदेश सचिव विजय यादव, जिला अध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ‘बब्बू’, जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, तहसील अध्यक्ष राजेश यादव, देवानंद पाठक, गणेश अग्रहरि, देवी लाल, सुनील पांडेय, राहुल सिंह, डॉ. शैलेन्द्र मणि ओझा, अनिल सिंह, पी.डी. दूबे, सच्चिदानंद मिश्र सहित अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे।इसके अतिरिक्त ब्लॉक प्रमुख लव कुश ओझा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र मणि त्रिपाठी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दिनेंद्र दत्त उर्फ छोटे यादव, प्रधान संघ उपाध्यक्ष दिलीप पांडे, अवधेश सिंह, मधुसूदन अग्रहरि, अमरेन्द्र त्रिपाठी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन की सराहना की।
धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं सेवा भावना से परिपूर्ण यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने सफल आयोजन के लिए इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

