बिहारीगंज थाना क्षेत्र के हल्दीबाड़ी मोड़ के पास गुप्त सूचना पर कार्रवाई, स्प्लेंडर बाइक भी जब्त
बिहारीगंज/मधेपुरा/बिहार : मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक बाइक सवार शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को बिहारीगंज थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक बाइक से विदेशी शराब की खेप लेकर क्षेत्र में प्रवेश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और एसएच-91 मार्ग स्थित हल्दीबाड़ी मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान बाइक पर रखे प्लास्टिक के बोरे से 750 एमएल की सात बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 5.25 लीटर बताई जा रही है। मौके पर ही पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सरोनीकला पंचायत निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
बिहारीगंज थानाध्यक्ष लवकुश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से सात बोतल विदेशी शराब तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई है। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों से भी किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।बिहारीगंज से गुलजार आलम की रिपोर्ट

