मधेपुरा/बिहार : भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा में बी.एड. पाठ्यक्रम की फीस में अचानक 50% वृद्धि किए जाने के निर्णय के खिलाफ छात्र संगठनों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। आज संयुक्त छात्र संगठन जिसमें एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, आइसा छात्र राजद एआईएसएफ के नेताओं का शिष्टमंडल कुलपति प्रो डॉ बिमलेंदु शेखर झा से मिलकर मांगपत्र सौंपा।
छात्र नेताओं ने महामहिम कुलाधिपति के आदेश पर बीएन मंडल विश्वविद्यालय प्रशासन के 50% शुल्क वृद्धि फैसले को छात्रहित के विरुद्ध बताते हुए इसे अविलंब वापस लेने की मांग की है।
छात्र नेताओं ने कहा कि कोशी क्षेत्र, जो बाढ़ और सुखाड़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से हर वर्ष प्रभावित रहता है, वहां के अधिकांश छात्र किसान परिवारों से आते हैं। ऐसे में फीस में इतनी बड़ी वृद्धि उनके लिए गंभीर आर्थिक संकट पैदा कर रही है। छात्र नेताओं ने आशंका जताई है कि इस निर्णय के कारण यहां के छात्र छात्राओं अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ सकती है शिक्षा सभी के लिए समान अवसर का माध्यम होना चाहिए, न कि आर्थिक बोझ का कारण। फीस वृद्धि का यह निर्णय सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों के विपरीत है।
छात्र नेताओं ने कुलपति से आग्रह किया है कि वे इस निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए बी.एड. फीस वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लें, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र भी बिना बाधा के अपनी शिक्षा जारी रख सकें। वहीं छात्र नेताओं ने कहा कि बिहार के बगल में उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश झारखंड उड़ीसा समेत अन्य राज्यों में चालिस हजार से सत्तर हजार तक बीएड फीस है इस हिसाब से बीएन मंडल विश्वविद्यालय में पहले से ही पचास से पच्चपन्न हज़ार इस ज़्यादा छात्रों का फ़ीस लिया जा रहा था फिर 50% की बढ़ोतरी कर छात्रों को भविष्य पर बुलडोजर चलाया गया है जबकि पटना हाई कोर्ट का फैसला है की बिहार में बीएड कि फ़ीस साठ हजार से डेढ़ लाख के बीच ही होना चाहिए तो सबसे उत्तम डेढ़ लाख करने की क्या मजबूरी है जल्द ही महामहिम कुलाधिपति से मिलकर एवं सुप्रीम कोर्ट दिल्ली में की पी आई एल दायर कर यूपी, एमपी और झारखंड के तरह बिहार की फीस करने की मांग की जाएगी ।
छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
शिष्टमंडल में एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक मनीष कुमार, युवा कांग्रेस नेता सौरभ यादव, छात्र जदयू के विश्वविद्यालय अध्यक्ष निखिल सिंह यादव, छात्र राजद के प्रधान महासचिव एन के यादव,आइसा के विश्वविद्यालय अध्यक्ष अरमान अली एजाज़ अख़्तर, एनएसयूआई के विश्वविद्यालय नेता निरंजन यादव नवनीत यादव, राजकिशोर कुमार आदि मौजूद थे |

