मुरलीगंज/मधेपुरा/बिहार : थाना अंतर्गत दीनापट्टी सखुआ पंचायत वार्ड 12 गोपाली टोला में संदिग्ध परिस्थिति में एक वर्षीय बच्चे की मौत और उसकी मां के गंभीर रूप से बीमार होने के मामले में गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इधर महिला का इलाज सहरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और फिलहाल वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस मामले में नया मोड़ तब आया जब स्वाति के ससुर देवानंद यादव ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अलग ही दावा किया है। उन्होंने बताया कि स्वाति पिछले कई महीनों से अलग रह रही थी और परिवार से उसका संपर्क भी कम हो गया था। देवानंद यादव का आरोप है कि उनकी पुतोह का अपने बहनोई से अवैध संबंध था और वह अक्सर घर आता-जाता रहता था।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से स्वाति से परिवार के लोगों की ज्यादा बातचीत भी नहीं हो रही थी। देवानंद यादव के अनुसार घटना वाली रात क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने बताया कि जब सुबह देर तक स्वाति नहीं जगी तो परिवार के लोग देखने गए, जहां एक वर्षीय बच्चा मृत अवस्था में पड़ा हुआ था और स्वाति अचेत थी, हालांकि उसकी सांस चल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ देर बाद स्वाति का बहनोई संतोष यादव, पिता श्याम यादव, वहां पहुंचा और स्वाति का मोबाइल लेकर उसमें मौजूद सभी डाटा डिलीट कर दिया। इसके बाद उसने बच्चे को दफनाने की बात कही और स्वाति को इलाज के लिए अस्पताल ले गया।
हालांकि मामले में मायके पक्ष ने इसे दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामला पूरी तरह जांच का विषय है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविकता स्पष्ट हो पाएगी।
गौरतलब हो कि मामले को लेकर मृत बच्चे की नानी सहरसा जिला के पतरघट थाना क्षेत्र के मानिकपुर वार्ड 3 निवासी गुड्डी देवी, पति अरविंद यादव ने मुरलीगंज थाना में आवेदन देकर महिला के पति नीलसागर यादव समेत चार लोगों के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना एवं हत्या का मामला दर्ज कराया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री स्वाति कुमारी (25) को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और इसी क्रम में जहर देकर घटना को अंजाम दिया गया, जिससे उनके एक वर्षीय नाती की मौत हो गई, जबकि स्वाति कुमारी गंभीर रूप से बीमार हो गई। बताया जाता है कि दीनापट्टी सखुआ पंचायत के गोपाली टोला निवासी नीलसागर यादव की पत्नी स्वाति कुमारी और उनके एक वर्षीय पुत्र की हालत छह अप्रैल को अचानक बिगड़ गई थी। घटना में बच्चे की मौत हो गई, जबकि स्वाति को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए सहरसा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मामले को लेकर गहन छानबीन कर किया जा रहा है। अभी कोई गिरफ्तारी नही हुई है। इलाजरत महिला अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। जिस कारण उनका बयान नहीं हो पाया है।
मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट

