मधेपुरा/बिहार : जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत कौड़ीहार तरावे गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में जन आरोग्य एवं विधिक परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और स्वास्थ्य व कानूनी सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव पूजा कुमारी साह,पूर्व मुखिया शंभू यादव और श्रीराम स्पाइन एन्ड ट्रामा सेंटर के हड्डी रोग विशेज्ञ डॉ सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद शिविर में आए लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर के दौरान हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सुनील कुमार शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर संतोष कुमार नाक कान गला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जितेंद्र कुमार स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सुष्मिता कुमारी आंख रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सुमन सौरभ जनरल फिजिशियन डॉक्टर मनीष कुमार सहित छह विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने करीब 2000 ग्रामीण मरीजो के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों को मुफ्त जांच सुविधा उपलब्ध कराई गई, साथ ही आवश्यक दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया गया। इसके अलावा, विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से उपस्थित लोगों को उनके कानूनी अधिकार, निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत की प्रक्रिया और विभिन्न सामाजिक योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी गई।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें न केवल स्वास्थ्य सेवाएं मिलती हैं, बल्कि अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का भी मौका मिलता है। शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखने को मिला और लोगों में स्वास्थ्य व कानून के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट

