उदाकिशुनगंज/मधेपुरा/बिहार : मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना 2024-25 के तहत उदाकिशुनगंज नगर परिषद के मुख्य बाजार के पश्चिमी सड़क किनारे में प्रस्तावित आरसीसी नाला निर्माण योजना को लेकर अब राजनीतिक स्तर पर भी पहल तेज हो गई है, प्रशासनिक स्वीकृति लंबित रहने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है, इसी बीच उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि जॉनसन दास ने बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिंहा से मुलाकात कर मुख्य बाजार में जलजमाव की गंभीर समस्या से अवगत कराया।
जॉनसन दास ने बताया कि मुख्य बाजार से एसएच-91 के पश्चिमी हिस्से की ओर अरविंद सिंह के घर से बैंक चौक होते हुए हरैली तक आरसीसी नाला निर्माण की योजना स्वीकृत है, जिसकी तकनीकी अनुशंसा बुडको द्वारा की जा चुकी है, बावजूद इसके प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिलने से कार्य लंबित है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री को बताया कि वर्षों से मुख्य बाजार में जलजमाव की समस्या बनी रहती है, जिससे आम लोगों, स्कूली बच्चों और व्यवसायियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गंदे पानी और कीचड़ के कारण स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो रहे हैं। उप मुख्य पार्षद मिंकी कुमारी द्वारा भी प्रशासनिक स्वीकृति शीघ्र देने के लिए संबंधित विभाग को पत्र प्रेषित किया जा चुका है। दस्तावेजों के अनुसार, नगर परिषद उदाकिशुनगंज के पास लगभग 3.40 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं, जबकि अन्य योजनाओं में बचत राशि मिलाकर कुल उपलब्ध राशि लगभग 3.75 करोड़ रुपये बताई गई है, जो प्रस्तावित योजना की तकनीकी स्वीकृत राशि 3.69 करोड़ रुपये से अधिक है।
उन्होंने आग्रह किया है कि शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके. जॉनसन दास ने उम्मीद जताई कि उप मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद जल्द ही प्रशासनिक स्वीकृति मिल सकेगी और मुख्य बाजार की पुरानी जलनिकासी समस्या का समाधान होगा। वही अब शहरवासियों की नजर प्रशासनिक स्वीकृति पर टिकी हुई है।

