मधेपुरा के दो विधानसभा क्षेत्र में लोक जनशक्ति पार्टी अपने उम्मीदवार को खड़ा करेगी- प्रदेश महासचिव LJP

Spread the news

अमित कुमार अंशु
उप संपादक

मधेपुरा/बिहार : लोक जनशक्ति पार्टी का सदस्यता अभियान 28 नवंबर से शुरू कर दिया गया है। इस सदस्यता अभियान की शुरुआत पटना के बापू सभागार से की गई थी जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद चिराग पासवान के द्वारा निर्देश दिया गया था कि जिले के सभी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष को सभी पंचायत में पांच-पांच सौ सदस्य बनाना है।

 उक्त बातें शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित अतिथि गृह में लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश महासचिव सह प्रदेश सदस्यता अभियान के संयोजक संजय सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी बढ़िया पदाधिकारी चाहे वह प्रदेश के पदाधिकारी हो या राष्ट्रीय पदाधिकारी हो उन्हें पांच-पांच हजार सदस्य बनाने का निर्देश दिया गया है। इसी प्रकार पार्टी के जो भी पूर्व प्रत्याशी हैं या जो संभावित प्रत्याशी हैं, उन्हें भी 25-25 हजार सदस्य बनाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा यह निर्देश जारी किया गया है कि जो लोग 25 हजार सदस्य नहीं बना पाएंगे पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं देगी। उसी प्रकार अगर प्रदेश के पदाधिकारी हो या राष्ट्रीय पदाधिकारी हो, वह भी अगर पांच हजार सदस्य नहीं बना पाते हैं तो उन्हें भी उनके पद से हटा दिया जाएगा तथा दूसरे लोगों को उस पद का भार सौंपा जाएगा। इसी तरह सभी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष भी अगर सभी पंचायत में पांच सौ सदस्य नहीं बनाते हैं तो उन्हें हटाकर उनकी जगह पर अच्छे कार्य करने वाले कार्यकर्ता को पद दिया जाएगा।

देखें वीडियो :

 प्रदेश महासचिव संजय सिंह ने बताया कि हम सभी जिलों में जाकर सदस्यता अभियान बनाने के साथ-साथ 14 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में होने वाली रैली में भारी से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति के लिए भी आवाहन किया जा रहा है। उन्होंने वहां पर स्थित पार्टी के सभी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से पटना के गांधी मैदान में होने वाली रैली में भारी संख्या में उपस्थित होने की अपील की। वही प्रदेश महासचिव संजय सिंह ने कहा कि बिहार में होने वाली आगामी विधानसभा चुनाव में मधेपुरा के चार विधानसभा क्षेत्रों में से दो विधानसभा क्षेत्र में लोक जनशक्ति पार्टी अपने उम्मीदवार को खड़ा करेगी। प्रेस वार्ता के बाद लोक जनशक्ति पार्टी के जिला कार्यालय में सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव सह प्रदेश सदस्यता अभियान के संयोजक संजय सिंह एवं प्रदेश महासचिव सह सुपौल सदस्यता अभियान के प्रभारी इं बीएन सिंह की मौजूदगी रही।

विज्ञापन

 बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार पासवान ने किया। बैठक का मूल उद्देश्य मधेपुरा जिले में सभी विधानसभा में लोजपा का सदस्यता अभियान चलाया जाए। मौके पर प्रदेश सचिव संजय सिंह, पूर्व प्रत्याशी आलमनगर चंदन सिंह, जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार पासवान, युवा जिलाध्यक्ष कुंदन सिंह, किसान सेल के जिलाध्यक्ष वीर चंद्र, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष युगल मंडल निषाद, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सतनारायण, दलित सेना के जिलाध्यक्ष केशव कुमार शर्मा, जिला उपाध्यक्ष गजेंद्र भारती, मुन्ना सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Spread the news