प्रभावित पंचायतों को पूर्ण बाढ़ग्रस्त घोषित करने और किसानों को मुआवजा देने की मांग
आलमनगर/मधेपुरा (प्रेस विज्ञप्ति) आलमनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व राजद विधायक प्रत्याशी नवीन कुमार निषाद ने क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत व्यवस्था की जानकारी ली।
निषाद ने आरोप लगाया कि बाढ़ से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं, लेकिन कई पीड़ित परिवार अब भी सरकारी राहत से वंचित हैं। उन्होंने राहत वितरण में स्थानीय स्तर पर भेदभाव किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कई परिवारों को सूखा राशन व पशु आहार नहीं मिल रहा है। वहीं, जरूरतमंद स्थानों पर सामुदायिक रसोई का संचालन भी नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी के निरीक्षण और अधिकारियों को दिए गए निर्देश के बावजूद कई इलाकों में राहत कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है। निषाद ने आलमनगर प्रखंड की किशनपुर रतवाड़ा, खापुर, गंगापुर, ईटहरी व कुंजौरी तथा चौसा प्रखंड की लौआलगान पूर्वी, लौआलगान पश्चिमी, पैना, मोरसंडा, चिरौरी, फुलौत पूर्वी व फुलौत पश्चिमी पंचायतों को पूर्ण बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग की।
उन्होंने प्रभावित किसानों की फसल क्षति का शीघ्र सर्वे कराकर मुआवजा देने तथा पात्र बाढ़ पीड़ितों को आपदा राहत राशि, सूखा राशन, पशु चारा और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।निषाद ने कहा कि आपदा की घड़ी में राजनीति और भेदभाव से ऊपर उठकर राहत कार्य किया जाना चाहिए। कोई भी वास्तविक बाढ़ पीड़ित सरकारी सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को उनका हक मिलने तक उनकी आवाज प्रशासन और सरकार के समक्ष उठाते रहेंगे।

