VIDEO : कोसी प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. कुमार आशीष
41 हजार लीटर से अधिक शराब, 2202 किलो गांजा समेत भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद
सहरसा/बिहार : कोसी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “नशा मुक्त कोसी अभियान” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोसी प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. कुमार आशीष के नेतृत्व में सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में नशा तस्करों एवं नशा सेवन करने वालों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।
डीआईजी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पिछले तीन माह के दौरान अभियान के तहत कुल 1115 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अवधि में पुलिस ने 41,158.755 लीटर शराब, 2,202.205 किलोग्राम गांजा, 3,636.57 ग्राम स्मैक, 2,936 मिलीग्राम नशीले इंजेक्शन, 120 नशीली टैबलेट तथा 1,467.12 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है।
इसके अतिरिक्त पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 1.85 लाख रुपये से अधिक भारतीय मुद्रा एवं 27,570 नेपाली रुपये भी जब्त किए हैं, जिन्हें अवैध कारोबार से जुड़ा माना जा रहा है।
अपराधियों में बढ़ा पुलिस का खौफ
डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि लगातार हो रही कार्रवाई के कारण शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के बीच भय का माहौल बना है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोग तत्काल इस अवैध धंधे को छोड़ दें, अन्यथा उनके विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सूचना देने वालों को मिलेगा पुरस्कार
डीआईजी ने आम जनता से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी या नशा सेवन से जुड़ी किसी भी सूचना को हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से साझा किया जा सकता है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही, उपयोगी सूचना के आधार पर बड़ी बरामदगी होने पर संबंधित व्यक्ति को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
नशामुक्त कोसी बनाने का संकल्प
डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि कोसी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अभियान को आगे भी और अधिक प्रभावी तथा व्यापक स्तर पर लगातार जारी रखा जाएगा।

