मुरलीगंज/मधेपुरा : मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बैलों कला पंचायत के वार्ड संख्या 1 में भूमि विवाद को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें दो मजदूरों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पवन मुखिया और नंदन यादव के बीच पिछले डेढ़ साल से भूमि विवाद चल रहा था। रविवार को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस में की गई थी। उस समय पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण सोमवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि सोमवार को पवन मुखिया के घर मकान ढलाई के लिए शटरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान नंदन यादव अपने समर्थकों के साथ अचानक पहुंचकर हमला बोल दिया। इस हमले में पवन मुखिया, छोटी मुखिया सहित दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पवन मुखिया के पुत्र सुभाष कुमार ने बताया कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और सोमवार को योजनाबद्ध तरीके से हमला किया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज, मधेपुरा रेफर कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट

