एसआईआर और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जताया विरोध, लगाए नारे

मुरलीगंज/मधेपुरा। मुरलीगंज के झील चौक स्थित बेंगा पुल के समीप बुधवार को महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़” और “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” समेत कई नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर अपनी आपत्तियां जताईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महागठबंधन नेताओं ने कहा कि एसआईआर को लेकर उठे सवाल केवल मतदाता सूची के पुनरीक्षण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे निर्वाचन आयोग के कामकाज और उसकी संस्थागत विश्वसनीयता को लेकर भी चिंताएं सामने आई हैं। नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के पद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की।
नेताओं ने दावा किया कि तीन चुनाव आयुक्तों में से दो ने कई मौकों पर मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने, नाम बहाल करने तथा एसआईआर के संचालन से संबंधित फैसलों पर आपत्तियां दर्ज की हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान आवश्यक है।
पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व राजद के प्रदेश महासचिव डॉ. मनोज कुमार यादव, पूर्व मुखिया एवं राजद के वरीय नेता मनोज यादव, प्रखंड अध्यक्ष इरफान अहमद, भाकपा के वरीय नेता अनिल भारती, रंजीत वर्मा एवं उमाशंकर मुन्ना ने किया।
इस मौके पर राजद नगर अध्यक्ष सुशील यादव, युवा राजद की जिला अध्यक्ष अनिता कुमारी, राजद नेता उमेश यादव, युवा कांग्रेस नेता अमित कुमार यादव, धर्मेंद्र यादव, राजकुमार यादव, राजीव कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में महागठबंधन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मिथिलेश कुमार

