डॉक्टरों की गरिमा के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
मधेपुरा/बिहार (प्रेस विज्ञप्ति) चिकित्सकों के क्लीनिक पर कथित फर्जी जांच दल के पहुंचने और भयादोहन का प्रयास किए जाने के मामले को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की जिला शाखा ने नाराजगी जताई है। संगठन ने स्पष्ट किया कि चिकित्सकों की गरिमा और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस संबंध में शुक्रवार को आईएमए की जिला शाखा की बैठक अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बताया गया कि शहर के दो बड़े चिकित्सकों के क्लीनिक पर कथित फर्जी जांच दल पहुंचा और उनके साथ अशोभनीय व्यवहार किया गया। बैठक में चलाए गए ऑडियो और वीडियो की भी चर्चा की गई, जिसमें कथित तौर पर डॉ. सचिन कुमार के मौखिक आदेश का जिक्र किया गया है।
आईएमए ने कहा कि यदि ऑडियो-वीडियो में वर्णित दावे के अनुसार ऐसे तत्वों को किसी चिकित्सक का संरक्षण प्राप्त है, तो संबंधित लोगों को अपने आचरण में तत्काल सुधार लाना चाहिए। संगठन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।
चिकित्सकों के साथ हो मर्यादापूर्ण व्यवहार
आईएमए के सचिव डॉ. अमित आनंद ने कहा कि सभी चिकित्सकों के साथ मर्यादापूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन के संज्ञान में पूरा मामला आ चुका है और इस संबंध में प्रस्ताव (रेजोल्यूशन) के साथ पत्र भेजा जा रहा है। यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो चिकित्सकों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ सकता है।
बैठक में डॉ. दिलीप कुमार सिंह, डॉ. राजेंद्र गुप्ता, डॉ. नृपेंद्र नारायण सिंह, डॉ. आलोक निरंजन, डॉ. पी. टूटी, डॉ. नायडू कुमारी, डॉ. केशव चंद्र, डॉ. पीके मधुकर, डॉ. सुनील कुमार सहित अन्य चिकित्सक मौजूद थे।

