22 चोरी की मोटरसाइकिल, इंजन, चेसिस, साइलेंसर समेत बड़ी मात्रा में पार्ट्स बरामद, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
मधेपुरा/बिहार : मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 22 क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें, इंजन, चेसिस सहित बड़ी मात्रा में मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपित को नामजद किया गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
ज्ञात हो कि पुलिस अधीक्षक डॉ संदीप सिंह के निर्देश पर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में मुरलीगंज थानाध्यक्ष गुलशन हक, पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार, अजय कुमार तथा तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के जवानों को शामिल किया गया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर 21 जुलाई को एक व्यक्ति को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने मोटरसाइकिल चोरी करने तथा उसके पार्ट्स काटकर बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर गिरोह के सरगना सहित अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में चोरी की मोटरसाइकिलें एवं उनके पार्ट्स बरामद किए।
इस संबंध में मुरलीगंज थाना कांड संख्या – 440/26 दिनांक :- 21 जुलाई 2026 दर्ज किया गया है। आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपित 1. पूंजवर कुमार (निवासी – दिग्घी वार्ड संख्या-03, थाना मुरलीगंज) 2. निखिलेश कुमार (निवासी – रतनपट्टी वार्ड संख्या-03, थाना मुरलीगंज) 3. अनोज कुमार (निवासी – दिग्घी वार्ड संख्या-02, थाना मुरलीगंज) 4. आकाश ककुमार (निवासी – डुमरिया वार्ड संख्या-07, थाना मुरलीगंज)
फरार आरोपित सुनील कुमार (निवासी – राजपुर वार्ड संख्या-13, थाना -भर्राही, मधेपुरा
बरामदगी 22 चोरी की मोटरसाइकिल (क्षतिग्रस्त अवस्था में), 13 पीस बैक कैरियर, 10 साइलेंसर, 12 शॉकर, 17 खुले हुए इंजन, 16 मोटरसाइकिल के चक्का रिम, 2 खाली चेसिस, 19 मोटरसाइकिल की टंकी
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

