मधेपुरा/बिहार : भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय में बीएड शुल्क में वृद्धि के खिलाफ एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत यादव के नेतृत्व में बीएनएमयू मुख्य द्वार पर आक्रोश पूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशाशन द्वारा जारी बीएड शुल्क में वृद्धि के आदेश के प्रति को जलाकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अविलंब शुल्क वृद्धि वापस लेने की मांग की।
एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत यादव ने कहा कि बीएनएमयू प्रशासन समय-समय बीएड शुल्क में वृद्धि का प्रयास करते आई है। पूर्व में भी विश्वविद्यालय ने शुल्क वृद्धि किया था और आंदोलन के बाद शुल्क वृद्धि के आदेश को वापस ले लिया गया था, लेकिन इस बार पुनः विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएड शुल्क में 50 प्रतिशत की अप्रत्याशित वृद्धि कर, अपने छात्र विरोधी मंशा को जाहिर किया है। जिसका हमलोग पुरजोर तरीके से विरोध करते हैं।
छात्र नेता निशांत ने कहा कि यह कोसी क्षेत्र के गरीब, मजदूर एवं छोटे किसान वर्ग के बच्चे को बीएड करने से वंचित रखने की साजिश है। यह साजिश है कि यहां के गरीब बच्चे प्रतियोगिता से पहले ही बाहर हो जाएं। जिसे हमलोग सफल नहीं होने देंगे। बिहार में कोसी सबसे पिछड़ा इलाका है। जहां बहुसंख्यक आबादी छोटे किसान, मजदूर एवं निम्न व मध्यम वर्गीय है। इन वर्गों के छात्र पूर्व से ही बीएड शुल्क एक लाख रुपये होने से परेशान थे और हजारों छात्र बीएड करने से वंचित हो रहे थे, लेकिन बीएड शुल्क को बढ़ाकर एक लाख 50 हजार रूपये कर दिया गया है। जो साफ संकेत है कि इस इलाके छात्र बीएड नहीं कर पाएंगे। एक तरफ सरकार की संवेदनहीनता एवं गरीब विरोधी नीति के कारण सेल्फ फाइनेंस बीएड कालेजों में छात्र बीएड करने को मजबूर हैं, लेकिन उसमें भी इस प्रकार से शुल्क बढोतरी अन्याय है। विश्वविद्यालय प्रशासन की मनमानी नहीं चलेगी। शुल्क वापसी तक आंदोलन जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से एनएसयूआई जिला महासचिव सोनू कुमार, रणधीर कुमार, साजन कुमार, सत्यम कुमार, अमर कुमार, सुदर्शन कुमार, अभिजीत कुमार, कार्तिक कुमार, राहुल कुमार, आलोक कुमार, संजीव यादव, विभाष कुमार विमल, कृष्णमोहन कुमार समेत अन्य एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद थे। मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट

