मुरलीगंज/मधेपुरा/ शहर के झील चौक स्थित आवासीय डव जूनियर स्कूल की छात्रा नंदनी कुमारी ने नवोदय प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय तथा अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। नंदनी ने पहली ही कोशिश में 100 में से 98.75 अंक प्राप्त कर जिले में दसवां स्थान हासिल किया है। छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों द्वारा नंदनी कुमारी को पुरस्कार एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया। साथ ही छात्रा के पिता ब्रजेश कुमार को भी मिठाई खिलाकर विद्यालय प्रबंधन की ओर से बधाई दी गई।
इस अवसर पर नंदनी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और लगातार मेहनत का ही परिणाम है कि उन्हें यह सफलता मिली है। विद्यालय द्वारा सम्मानित किए जाने पर उन्होंने खुशी जाहिर की। वहीं, नंदनी के पिता ब्रजेश कुमार ने पुत्री की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के शिक्षकों ने हर कदम पर सही दिशा दिखाई, जिसके मार्गदर्शन से यह उपलब्धि संभव हो पाई।
विद्यालय के निदेशक रोहन मिश्रा ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय हमेशा से प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष से नवोदय सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराई जा रही है और पहली ही बार में विद्यालय को उल्लेखनीय परिणाम मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी विद्यालय के छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
मिथिलेश कुमार की रपोर्ट

