ड्रोन एवं श्वान दस्ता की निगरानी में 30 हजार लीटर जावा पास विनष्ट * अवैध शराब एवं नशा के विरुद्ध आगे भी लगातार जारी रहेगा अभियान
मधेपुरा/बिहार : मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा विगत सप्ताह से जिले में व्यापक स्तर पर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला मुख्यालय के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पुरानी बस स्टैंड, कॉलेज चौक, मेडिकल कॉलेज सहित कोठी टोला, बैजनाथपुर, संथाली टोला, बघिनियाँ, बलुआहा धार, कमलपुर, चित्ती भतरंधा, गरहा रामपुर, हरिराहा, मधुबन, उदाकिशुनगंज मुशहरी एवं लक्ष्मीपुर जैसे क्षेत्रों में संचालित किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान 39 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 1043 लीटर देशी/चुलाई शराब, 56.295 लीटर विदेशी शराब तथा 8.300 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप जब्त किया गया। साथ ही दो वाहनों को भी जब्त किया गया। ड्रोन एवं श्वान दस्ता की सहायता से संवेदनशील स्थलों की निगरानी करते हुए 30,420 लीटर जावा पास को मौके पर ही नष्ट किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब एवं नशा के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

