मुरलीगंज/मधेपुरा/बिहार : मधेपुरा–पूर्णिया एनएच-107 पर मीरगंज चौक के समीप सड़क निर्माण कार्य ठप रहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे पिछले 15 दिनों से अधिक समय से गिट्टी का ढेर पड़ा हुआ है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर गिट्टी पड़े रहने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। खासकर व्यस्त समय में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे राहगीरों और यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।वहीं, सड़क किनारे स्थित दुकानदारों का कहना है कि गिट्टी के कारण ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है, जिससे उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए गिट्टी गिराई गई थी, लेकिन संवेदक की लापरवाही के कारण कार्य शुरू नहीं हो पाया, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।
सड़क जर्जर, धूल से लोग बेहाल
मीरगंज चौक के हीरो शोरूम से लेकर रामपुर सीमा तक एनएच-107 की स्थिति काफी जर्जर बनी हुई है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सड़क के कारण वाहनों का परिचालन बाधित हो रहा है। इसके अलावा, सड़क पर पड़ी गिट्टी और उड़ती धूल से राहगीरों और दुकानदारों को काफी परेशानी हो रही है। धूल के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है, वहीं दुकानों में रखे सामान भी प्रभावित हो रहे हैं।
जल्द कार्य शुरू कराने की मांग
ग्रामीणों और दुकानदारों ने संबंधित विभाग से अविलंब सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने, जर्जर सड़क की मरम्मत करने तथा सड़क की सफाई कराने की मांग की है, ताकि जाम और धूल की समस्या से निजात मिल सके और लोगों को आवागमन में सहूलियत हो ।
मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट

