मधेपुरा/बिहार : शनिवार को को समाहरणालय परिसर स्थित न्यू एनआईसी कक्ष में जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में आपूर्ति टास्क फोर्स, सहकारिता एवं एस०एफ०सी० से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न के उठाव, भंडारण, परिवहन एवं वितरण व्यवस्था की अद्यतन स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान लंबित खाद्यान्न परिवहन मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी लंबित प्रकरणों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभुकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके। भंडारण स्थलों की स्थिति, स्टॉक पंजी का संधारण एवं वितरण रजिस्टर की अद्यतनता की भी समीक्षा की गई तथा अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
वहीं राशन कार्ड सत्यापन एवं आधार सीडिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि शत-प्रतिशत आधार सीडिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आए तथा अपात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें सूची से विलोपित किया जा सके। साथ ही पात्र लाभुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
बैठक में सहकारिता विभाग एवं एस०एफ०सी० के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया, जिससे खाद्यान्न का समय पर उठाव एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि जन वितरण प्रणाली से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक के आखिर में यह निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण उत्तरदायित्व एवं पारदर्शिता के साथ करें, ताकि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से आम जनता तक पहुंच सके।

