मुजफ्फरपुर/बिहार : आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ.हेम नारायण विश्वकर्मा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल को थप्पड़ मारने की घटना को विरोधियों की हताशा एवं निराशा से प्रेरित घटना बताया।
डॉ.विश्वकर्मा ने कहा कि असल में यह दिल्ली वासियों को अपमानित एवं जलील करने का कुप्रयास है। पिछले विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने केजरीवाल को अपार बहुमत दिया। इस बार के लोकसभा चुनाव में भी दिल्ली के सभी सातों सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। विपक्षी पार्टियाँ यह सब देखकर हैरान-परेशान हैं। पंजाब के विगत विधानसभा चुनाव की ही तरह दिल्ली के इस लोकसभा चुनाव में भी भाजपा और काँग्रेस ने टेबुल के नीचे से हाथ मिला लिया है। अपनी हार की संभावनाओं से बौखलाकर वे हिंसा पर उतर आये हैं। दिल्ली पुलिस केन्द्र की मोदी सरकार के नियंत्रण में है। जब केन्द्र सरकार एक मुख्यमंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकती तो फिर आम जनता का क्या करेगी। भारतीय संविधान एवं दिल्ली की आम जनता को नीचा दिखाने के उद्देश्य से विपक्षी पार्टियों ने केजरीवाल पर थप्पड़ चलवाने की साजिश रची है। यह थप्पड़ दिल्ली की जनता एवं लोकतंत्र पर थप्पड़ है।