नालंदा/बिहार: जिले में बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने “जल जीवन हरियाली” मिशन के तहत व्यापक जन जागरूकता अभियान आरंभ किया। राज्य स्तर पर बापू सभागार पटना में आयोजित कार्यक्रम का का सीधा प्रसारण राज्य के सभी जिलों एवं प्रखंडों में किया गया। नालंदा जिला में मुख्य कार्यक्रम शहर के टाउन हॉल बिहार शरीफ में आयोजित किया गया। जिसमें जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक निलेश कुमार, नगर आयुक्त सौरभ जोरवाल, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला परिषद अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण, पदाधिकारी गण, जीविका समूह की दीदियों सहित अन्य लोग उपस्थित थे। पटना में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में पर्यावरण में हो रहे असंतुलन के कारण ग्लोबल वार्मिंग के दुष्परिणामों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गयी । मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जल और हरियाली के साथ ही जीवन संभव है। वृक्षों के अनवरत कटाव के कारण आज हम ग्लोबल वार्मिंग की समस्या का सामना कर रहे हैं। इसके कारण जलवायु में अप्रत्याशित परिवर्तन देखने को मिल रहा है तो उसी समय दूसरे हिस्से में संभावित सुखाड़ की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने जल जीवन हरियाली के बारे में बताया कि यह महज एक अभियान के रूप में नहीं चलाया जाएगा। इसके क्रियान्वयन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जिसे शीघ्र ही पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। तभी हम भावी पीढ़ी को एक सुरक्षित पर्यावरण दे सकेंगे। इस अभियान में सभी छात्र-छात्राओं, जीविका समूह की लगभग एक करोड़ परिवारों से जुड़ी महिलाएं, विकास मित्र, टोला सेवक, तालिमी मरकज एवं समाज के हर व्यक्ति के सहयोग से हम इसे सफल बनाएंगे। इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में टाउन हॉल में सभी उपस्थित लोगों को जिला पदाधिकारी ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर 11 संकल्प ग्रहण कराया। इसी तरह के कार्यक्रम जिला के सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर पौधे का भी वितरण किया गया।