नेताओं ने तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा का लिया संकल्प
मधेपुरा/बिहार :जिला कांग्रेस कार्यालय, मधेपुरा में गुरुवार को भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी के नाम से विख्यात स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविन्द्र सिंह यादव, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रामकुमार यादव एवं देवराज अर्श, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव देवाशीष पासवान एवं शैलेन्द्र कुमार सहित कांग्रेस नेता सीताराम यादव, मनोज यादव तथा अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने दृढ़ नेतृत्व, अदम्य साहस और दूरदर्शी सोच से भारतीय राजनीति एवं विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। बैंकों का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति, गरीबी हटाओ का संकल्प, बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में ऐतिहासिक विजय तथा देश की एकता और अखंडता की रक्षा में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
नेताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी और अपने नेतृत्व से यह साबित किया कि नेतृत्व की क्षमता का निर्धारण लिंग से नहीं, बल्कि संकल्प, साहस और राष्ट्रभक्ति से होता है। उनका संघर्षपूर्ण जीवन और राजनीतिक विरासत आज भी कांग्रेसजनों के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने संकल्प लिया कि इंदिरा गांधी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए कांग्रेस संगठन को पंचायत, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। साथ ही संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

