बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये, पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
मधेपुरा/बिहार : आगामी पर्व-त्योहारों एवं पंचायत चुनाव को देखते हुए अपराध नियंत्रण और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मधेपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 460 ग्राम स्मैक के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ का बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये बताया गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक टेम्पू को भी जब्त किया गया है।
मधेपुरा पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध हथियार, मादक पदार्थ और शराब की बरामदगी तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16-17 अक्टूबर की रात सदर थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक टेम्पू पर सवार दो व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर खोपैती गांव की ओर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर सदर मधेपुरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर खोपैती-मुडबल्ला मार्ग पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान चकला गांव की ओर से आ रहे एक टेम्पू को पुलिस ने देखा। पुलिस बल को देखकर चालक ने टेम्पू रोक दिया और पीछे की ओर घुमाकर भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर टेम्पू को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान टेम्पू में रखे एक बैग से पांच पैकेट में बंद कुल 460 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से टेम्पू चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धीरेन्द्र कुमार (करीब 28 वर्ष), पिता बीरेन्द्र शर्मा, निवासी खोपैती वार्ड संख्या-08, थाना एवं जिला मधेपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद स्मैक और टेम्पू को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ सदर थाना कांड संख्या 1034/26, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(सी) में मामला दर्ज किया है। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
कार्रवाई में सदर थानाध्यक्ष पुनि विमलेन्दु कुमार, मुरलीगंज थानाध्यक्ष पु०अ०नि० शिवानी कुमारी, पीटीसी-701 अशोक तिवारी, सिपाही-647 राकेश कुमार और सिपाही-611 पवन कुमार शामिल थे।

