रोजगार, शिक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे पर छात्र-नौजवानों से एकजुट होने का आह्वान
मधेपुरा/बिहार : ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (AIYF) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) की छात्र-नौजवान यात्रा शनिवार को मधेपुरा पहुंची। नालंदा से शुरू हुई यात्रा के दौरान कॉलेज चौक पर नुक्कड़ सभा आयोजित कर छात्र-नौजवानों से 28 सितंबर को पटना में प्रस्तावित लोक भवन मार्च में शामिल होने की अपील की गई।
सभा में AIYF के राष्ट्रीय अध्यक्ष रौशन कुमार सिन्हा ने बेरोजगारी को लेकर चिंता जताते हुए बिहार में बंद पड़े कल-कारखानों को चालू करने और रिक्त पदों पर बहाली की मांग की। उन्होंने भगत सिंह राष्ट्रीय रोजगार गारंटी कानून की मांग को लेकर युवाओं से एकजुट होने की अपील की।
AIYF बिहार के राज्य सचिव मोहम्मद गयासुद्दीन ने छात्र, नौजवान, मजदूर और किसानों से अधिकारों के सवाल पर एकजुट होने का आह्वान किया। राज्य अध्यक्ष शंभू देव ने छात्र-नौजवानों के संघर्ष को तेज करने की बात कही।AISF बिहार के राज्य अध्यक्ष सुधीर कुमार ने फीस वृद्धि, शिक्षा के व्यावसायीकरण और छात्र संघ चुनाव नहीं कराए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने छात्र हितों से जुड़े सवालों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही।
बुधमा चौक पर भी सभा आयोजित की गई। इसमें विभिन्न नेताओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-नौजवान और AIYF-AISF कार्यकर्ता शामिल हुए।
संगठन के अनुसार, नालंदा से शुरू हुई यह यात्रा बिहार के विभिन्न जिलों से होते हुए अररिया पहुंचेगी। यात्रा के दौरान रोजगार, शिक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों और अन्य जनसरोकार के मुद्दों पर छात्र-नौजवानों से संवाद किया जा रहा है।

